रविवार, 4 मई 2025

भारत निर्वाचन आयोग जल्द ही हितधारकों के लिए एक एकल - बिंदु ऐप लॉन्च करेगा, मौजूदा 40 से अधिक आईटी ऐप्स को इस उन्नत यूआई यूएक्स वाले ऐप में शामिल किया जाएगा


नया ईसीआई - नेट नागरिकों के लिए चुनावी सेवाएं सुगम बनाएगा,

चुनाव पदाधारियों को डेटा प्रबंधन में आसानी और सुविधा होगी

एक प्रमुख पहल के तहत,भारत निर्वाचन आयोग निर्वाचकों और इनके अन्य हितधारकों जैसे चुनाव पदधारियों, राजनीतिक दलों और नागरिक समाज के लिए एक नया उपयोगकर्ता अनुकूल डिजिटल इंटरफ़ेस विकसित कर रहा है। यह नया वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म, ईसीआई- नेट,आयोग के 40 से अधिक मौजूदा मोबाइल और वेब एप्लिकेशनों को एकीकृत करेगा और अनुकूल (reorient) बनाएगा। ईसीआई-नेट में एक सुंदर यूजर इंटरफेस (यूआई) और एक सरलीकृत यूजर एक्सपीरियंस (यूएक्स) होगा, जो चुनाव- संबंधित सभी गतिविधियों के लिए एक एकल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगा।

यह प्लेटफ़ॉर्म उपयोगकर्ताओं को कई ऐप डाउनलोड करने और नेविगेट करने तथा अलग-अलग लॉगिन याद रखने के बोझ को कम करने के लिए भी डिज़ाइन किया गया है। इस प्लेटफॉर्म की परिकल्पना भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) श्री ज्ञानेश कुमार ने निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधु और निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी की उपस्थिति में मार्च 2025 में आयोजित मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (सीईओ) के सम्मेलन के दौरान की थी।

ईसीआई-नेट उपयोगकर्ताओं को अपने डेस्कटॉप या स्मार्टफ़ोन पर सुसंगत चुनावी डेटा तक पहुँचने में भी सक्षम बनाएगा। यह सुनिश्चित करने के लिए कि डेटा यथासंभव सटीक है, ईसीआई- नेट पर डेटा केवल आयोग के अधिकृत पदधारी द्वारा दर्ज किया जाएगा। संबंधित पदधारी द्वारा की गई प्रविष्टि से यह सुनिश्चित होगा कि हितधारकों को उपलब्ध कराया गया डेटा यथासंभव सटीक है। हालांकि, किसी भी विवाद के मामले में, सांविधिक फॉर्मों में विधिवत भरा गया प्राथमिक डेटा ही मान्य होगा।

ईसीआई-नेट में वोटर हेल्पलाइन ऐप, वोटर टर्नआउट ऐप, सी-विजिल, सुविधा 2.0, ईएसएमएस, सक्षम और केवाईसी ऐप जैसे मौजूदा ऐप शामिल होंगे, जिन्हें कुल मिलाकर 5.5 करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है (ऐप्स की पूरी सूची संलग्न है)। ईसीआई-नेट से लगभग 100 करोड़ निर्वाचकों और सम्पूर्ण चुनावी तंत्र को फायदा मिलने की उम्मीद है, जिसमें देश भर के 10.5 लाख से ज्यादा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त लगभग 15 लाख बूथ लेवल एजेंट (बीएलए), लगभग 45 लाख मतदान पदधारी, 15,597 सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ), 4,123 ईआरओ और 767 ज़िला चुनाव अधिकारी (डीईओ) शामिल हैं।

ईसीआई-नेट पहले ही अपने विकास के उन्नत चरण में पहुंच चुका है और इसकी सुचारू कार्यक्षमता,उपयोग में आसानी और मजबूत साइबर सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित करने के लिए कठोर परीक्षण किए जा रहे हैं। इसे सभी राज्यों/संघ राज्य-क्षेत्रों के 36 सीईओ, 767 डीईओ और उनके राज्यों/संघ राज्य क्षेत्रों के 4,123 ईआरओ को शामिल करके एक विस्तृत परामर्शी प्रयोग करने के साथ-साथ समय-समय पर आयोग द्वारा जारी चुनावी ढांचे, अनुदेशों और पुस्तिकाओं के 9,000 पृष्ठों वाले 76 प्रकाशनों की समीक्षा करने के बाद विकसित किया जा रहा है। ईसीआई-नेट के माध्यम से उपलब्ध कराए गए आंकड़े लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950, 1951, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 तथा निर्वाचनों का संचालन नियम,1961 और आयोग द्वारा समय-समय पर जारी अनुदेशों द्वारा स्थापित कानूनी ढांचों के सख्त दायरे के भीतर होंगे तथा इसके अनुरूप होंगे।

सद्भावना मंच ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा


खंडवा- सद्भावना मंच के प्रतिनिधि मंडल ने अध्यक्ष प्रमोद जैन के नेतृत्व में कलेक्टर खंडवा के नाम एक ज्ञापन एस डी एम बजरंग बहादुर को सौंपा। सद्भावना मंच के सदस्य कमल नागपाल ने बताया कि इस ज्ञापन में सद्भावना मंच के अध्यक्ष प्रमोद जैन, पूर्व डीएसपी आनंद तोमर, डॉक्टर जगदीश चंद्र चौरे, सुरेंद्र गीते, राधेश्याम शाक्य, कमल नागपाल, मुरली कोडवानी, सुभाष मीणा आदि ने कहा कि खंडवा बुरहानपुर मार्ग पर आबना नदी के पास बन रही एक कॉलोनी में बड़ी बड़ी मशीनों से नदी के क्षेत्र से खुदाई की जा रही है और दीवार बनाकर काम किया जा रहा है।पूर्व में भी बारिश के समय यहां पानी भर गया था और प्रशासन की सहायता से ही उनको हटाया गया था।अध्यक्ष प्रमोद जैन ने कहा कि आश्चर्य ही है कि ऐसी स्थिति भविष्य में फिर से निर्मित होने जा रही है।पूर्व में हुई दुखद हादसों को नजरअंदाज करते हुए और भविष्य में संभावित दुर्घटनाओं पर विचार न करते हुए नगर पालिक निगम और टी एन सी ने कॉलोनी के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है, जिसे अविलंब निरस्त किया जाना चाहिए।ज्ञात रहे सद्भावना मंच ने यह मुद्दा पूर्व में भी उठाया था और तदर्थ मांग पत्र भी सौंपा था।सद्भावना मंच ने जनहित और पर्यावरण हित में अविलंब यह निर्माण रोकने तथा किए गए निर्माण को हटाने की मांग की है।

शनिवार, 3 मई 2025

उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने पाटन में सिविल अस्पताल और नुनसर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया लोकार्पण, विधायक श्री अजय विश्नोई को दिया पाटन क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का श्रेय


भोपाल : उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने शनिवार को अपने प्रवास के दौरान स्वास्थ्य के क्षेत्र में जबलपुर जिले को दो बड़ी सौगात दीं। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने जहाँ पाटन में करीब 12 करोड़ की लागत से बने सौ बिस्तरों के सिविल अस्पताल भवन का शुभारंभ किया, वहीं नुनसर में लगभग 2 करोड़ 90 लाख रुपये से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन को आम जनता को समर्पित किया।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में हेल्थ इंफ्राट्रक्चर के विस्तार के लिये नए स्वास्थ्य केंद्र खोले जा रहे हैं तथा मौजूदा स्वास्थ्य केंद्रों का उन्नयन किया जा रहा है। दवाइयाँ एवं सभी जरूरी पैथालॉजी जांच एवं चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है तथा डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टॉफ की नियुक्ति की जा रही है। उप मुख्यमंत्री ने पाटन, कटंगी और मझौली क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का पूरा श्रेय विधायक श्री अजय विश्नोई को दिया और उन्हें एक विजनरी लीडर बताया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नुनसर के लोकार्पण समारोह को सांसद श्री आशीष दुबे एवं विधायक श्री अजय विश्नोई ने भी संबोधित किया तथा इस सौगात के लिये क्षेत्र की जनता की ओर से उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल का आभार व्यक्त किया। समारोह में पाटन नगर परिषद के अध्यक्ष आचार्य जगेंद्र सिंह, श्री राजकुमार पटेल एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिक भी मौजूद थे।

एमपी ट्रांसको में आयोजित हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर


जबलपुर- मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के तत्वावधान में काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन एवं जिला रोगी कल्याण समिति, रतलाम के संयुक्त सहयोग से एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं कार्डियोपल्मोनरी पुनर्जीवन तकनीक (सीपीआर) का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

  एम पी ट्रांसको उच्च प्रबंधन जबलपुर द्वारा विशेष रूप से इस शिविर के लिए मुख्यालय जबलपुर से नियुक्त संयोजक अधीक्षण अभियंता श्री अनिल लाठी ने जानकारी दी कि यह शिविर ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस उपसंभाग कार्यालय, रतलाम में कलेक्टर श्री राजेश बाथम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संध्या बेलसरे, सिविल सर्जन डॉ. एम.एस. सागर के विशेष सहयोग तथा एमपी ट्रांसको के अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्रीमती नीलम खन्ना एवं अधीक्षण अभियंता श्री वाय आर मांडलेकर के मार्गदर्शन एवं सतत प्रयासों से संभव हो सका।

सी पी आर प्रशिक्षण के साथ हुई स्वास्थ्य जांच:-

 श्री अनिल लाठी ने बताया कि शिविर के दौरान डॉ. राजेश मैडा एवं डॉ. शीतल पाटीदार के निर्देशन में चिकित्सा विभाग की टीम द्वारा सीपीआर सहित विभिन्न जीवन रक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, एमपी ट्रांसको के कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच — जैसे मधुमेह, रक्तचाप, दंत परीक्षण आदि — की गई तथा आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया।

गर्मी व लू से बचाव के तरीके भी बताये:-

गर्मी के मौसम में लू, सड़क दुर्घटनाओं एवं विद्युत से संबंधित दुर्घटनाओं से बचाव हेतु जनजागरूकता भी इस शिविर का एक महत्वपूर्ण अंग रही।

इस शिविर में एमपी ट्रांसको के लगभग 50 नियमित, संविदा एवं बाह्य सेवा प्रदाता कर्मचारियों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने किया पाटन में सिविल अस्पताल का शुभारंभ


भोपाल: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने आज शनिवार को जबलपुर जिले के प्रवास के दौरान विकासखण्ड मुख्यालय पाटन में 100 बिस्तरों के सिविल अस्पताल का शुभारंभ किया। श्री शुक्ल ने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को राज्य शासन की प्राथमिकता बताते हुये कहा कि इस दिशा में निरंतर प्रयास हो रहे हैं। प्रदेश भर में जहाँ नये स्वास्थ्य केंद्र बनाए जा रहे हैं, वहीं मौजूदा स्वास्थ्य केंद्रों का उन्नयन किया जा रहा है। साथ ही चिकित्सकों की तथा नर्सिंग स्टाफ की नियुक्ति भी की जा रही है।

पाटन में सिविल अस्पताल के शुभारंभ के अवसर पर सांसद श्री आशीष दुबे, विधायक श्री अजय विश्नोई, पाटन नगर परिषद के अध्यक्ष आचार्य जागेन्द्र सिंह एवं श्री राजकुमार पटेल भी मौजूद थे। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने सिविल अस्पताल का शुभारंभ करने के बाद अस्पताल का भ्रमण किया और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।

खालवा के ग्राम अंबाडा निवासी 10 माह की मीनाक्षी को पोषण पुनर्वास केंद्र से मिली बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं


खण्डवा- विकासखंड खालवा के ग्राम अंबाडा निवासी मीनाक्षी पिता दिनेश उम्र 10 माह को कुपोषण, उल्टी दस्त, सूजन होने पर एन.आर.सी. खालवा में भर्ती किया गया था जहां प्रारंभिक उपचार के बाद उनके माता पिता श्री दादाजी धूनीवाले वाले जिला चिकित्सालय खंडवा में लेकर आए थे। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ हेमंत गर्ग द्वारा मीनाक्षी को पोषण पुनर्वास केंद्र में 16 अप्रैल को भर्ती कर 14 दिन तक मापदंडों के अनुरूप उपचार किया। जिसकी वजह से प्रतिदिन वजन में वृद्धि एवं स्वास्थ्य में सुधार हुआ। डॉ. गर्ग द्वारा बताया गया कि मीनाक्षी को भर्ती किया था उस समय वजन 5 किलो 800 ग्राम एवं एम.यू.ए.सी.नाप 10.5 सेंटीमीटर था और सूजन के अलावा गंभीर कुपोषित और उल्टी दस्त के कारण हालत नाजुक थी । उन्होंने बताया कि सबसे पहले उल्टी दस्त को ठीक किया।उसके पश्चात प्रोटोकॉल के अनुसार देखभाल एवं उपचार दिया जिसकी वजह से स्वास्थ्य में सुधार व वजन में वृद्धि हुई, वजन बढ़कर 6 किलो 570 ग्राम एवं एम.यू.ए.सी. नाप 11 सेंटीमीटर होने एवं बच्चा स्वस्थ होने पर 29 अप्रैल को डिस्चार्ज कर दिया गया। पोषण पुनर्वास केंद्र की पोषक प्रशिक्षक शबनम खान, नर्सिंग ऑफिसर रीता पाटील एवं किरण अहिरवार ने मीनाक्षी की माता को बताया कि स्वयं भी पौष्टिक भोजन करें एवं बच्चे को कब और कितना आहार देना है आदि के बारे में बताया। साथ ही स्वच्छता एवं आहार के लिए भी प्रेरित किया गया तथा घर में उपलब्ध खाद्य सामग्री से ज्यादा से ज्यादा पोषण आहार दिया जा सकता है, यह जानकारी देते हुए 15 दिवस के अंतराल से फॉलोअप करने के लिए बुलाया। बच्चे के माता पिता द्वारा स्वास्थ्य विभाग एवं सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि जब बच्चे को यहां पर भर्ती किया था तब हालत बहुत गंभीर थी परंतु डॉक्टर एवं अन्य स्टाफ द्वारा समय पर इलाज एवं अच्छी देखभाल की वजह से बच्चा स्वस्थ हो गया। हमें यहां पर दवाइयाँ,भोजन के साथ-साथ अन्य सभी सुविधाएं निशुल्क प्राप्त हुई है, इसके लिए उन्होंने पुनः सभी का आभार व्यक्त किया।

शुक्रवार, 2 मई 2025

खंडवा जिले की हरसूद पुलिस ने 05 व्यक्तियो को जुआ खेलते पकड़ा, 34,370 रूपये नगद जप्त


खंडवा- गत रात्रि 12.25 बजे थाना हरसूद क्षेत्रान्तर्गत देहात भ्रमण के दौरान मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि ग्राम बांदरिया मे बैक वाटर नदी के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे है, मुखबिर सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुये काली माचक नदी के पास ग्राम बांदरिया पहुंचे,जहां खेत के किनारे 05 व्यक्तियो को जुआ खेलते दिखे,जिन्हे घेराबंदी कर पकडा गया। आरोपियों के कब्जे व फड से कुल नगदी 34,370/- रुपये एवं 52 ताश के पत्ते जप्त किये गए। 

आरोपीः-

1. अरमान पिता मजीद खान जाति मुसलमान उम्र 32 साल निवासी रामनगर गिट्टी खदान खिरकिया थाना छीपाबड जिला हरदा 

2. कृपाराम पिता राधेलाल यदुवंशी जाति जादम उम्र 53 साल निवासी ग्राम दगडखेडी थाना हरसूद 

3. राजेश पिता ओमप्रकाश चमार उम्र 42 साल निवासी ग्राम दगडखेडी थाना हरसूद 

4. मोहन पिता रामदास साकल्ले जाति बलाही उम्र 24 साल निवासी वार्ड क्रं. 01 खिरकिया थाना छीपाबड जिला हरदा 

5. दद्दु पिता लक्ष्मण लौहार जाति गदडिया उम्र 25 साल निवासी ग्राम दगडखेडी थाना हरसूद 

जप्त मालः-

घटना स्थल से 52 ताश पत्ते व नगदी 34,370/- रुपये 

सराहनीय भूमिकाः-

थाना प्रभारी हरसूद श्री राजकुमार राठौर के नेतृत्व में सउनि नानाराम पाटीदार, प्रआर 652 वीरसिह राजपुत, प्रआर 72 विनोदसिह तोमर, आर 629 राजमल चौहान एवं आर 632 शशिकांत डावर की सराहनीय भूमिका रही।